इंदरगढ़। उमर्दा विकास खंड के झुलनापुर गांव में रविवार को जलभराव की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने जल्द जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की।
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के बाद गांव के मुख्य रास्ते पर पानी जमा हो जाता है। जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने से पानी कई दिनों तक भरा रहता है। इससे स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को आवागमन में भारी परेशानी होती है। कीचड़ और गंदगी के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। प्रदर्शनकारियों ने अधिकारियों से मौके पर निरीक्षण कर नाली व जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करने की अपील की। सरफुद्दीन खान, इरफान खान सहित कई ग्रामीण प्रदर्शन में शामिल थे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि समाधान न होने पर वे दोबारा प्रदर्शन करेंगे।