तिर्वा। सदर ब्लॉक की ग्राम पंचायत सीहपुर के पालपुरवा गांव के मार्ग की बदहाली और जलनिकासी की समस्या को लेकर ग्रामीणों का सब्र शनिवार को जवाब दे गया। कई सालों से चली आ रही समस्या का समाधान न होने से नाराज ग्रामीणों ने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया और ग्राम पंचायत प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में विकास कार्यों के नाम पर पिछले पांच सालों में एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि खर्च की गई। इसके बावजूद हालात जस के तस हैं। विशेषकर गांव के कच्चे मार्ग और पानी निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से बरसात के मौसम में हालात और भी खराब हो जाते हैं। मार्ग पर पानी भरने के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों शेर सिंह, रामजी, मुकेश, आलोक आदि ने बताया कि जलभराव के कारण बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं आए दिन फिसलकर चुटहिल हो रहे हैं। कई बार तो हालात ऐसे हो जाते हैं कि मरीजों और स्कूली बच्चों को गांव से बाहर निकलने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पिछले दो दशकों से इस समस्या की अनदेखी की जा रही है। कई बार ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव से शिकायत की गई, लेकिन हर बार बजट न होने का हवाला देकर मामले को टाल दिया जाता है। सीडीओ रामकृपाल चौधरी ने बताया कि ग्रामीणों की समस्या का जल्द समाधान कराया जाएगा।