तिर्वा। सदर ब्लॉक की ग्राम पंचायत बेहरिन मौजा के रतापुरवा गांव में सीसी रोड निर्माण में धांधली को लेकर गुरुवार को ग्रामीण भड़क गए और हंगामा करते हुए काम रुकवा दिया। मौके पर पहुंची कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से ग्रामीणों की तीखी नोकझोंक भी हुई।
गांव निवासी रामसेवक, मृदुल, उमाशंकर, सतीश ने बताया कि गांव के बाहर स्थित कच्ची सड़क पर बारिश के दौरान आवागमन में काफी दिक्कत होती थी। 20 वर्षों से सड़क को पक्का कराने की मांग की जा रही थी। समाज कल्याण राज्यमंत्री असीम अरुण की पहल पर सड़क निर्माण को मंजूरी मिली। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने ई-टेंडर के माध्यम से निर्माण कार्य की जिम्मेदारी एक ठेकेदार को दी। 12 लाख रुपये की लागत से 150 मीटर लंबी और तीन मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण रामचंद्र के मकान से अशोक के मकान तक होना है।
आरोप है कि निर्माण कार्य में मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। सड़क पर महज डेढ़ से दो इंच गिट्टी डालकर बिना समतलीकरण और दबाव के ही सीसी मेटेरियल डालने की तैयारी की जा रही थी। यह देखकर ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया और हंगामा करते हुए काम बंद करा दिया। हंगामे के दौरान मजदूर काम छोड़कर खेतों की ओर चले गए। कुछ देर बाद ठेकेदार मौके पर पहुंचे, जहां ग्रामीणों से उनकी तीखी बहस हुई। ग्रामीणों ने मामले की शिकायत लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से की।इस पर पीडब्ल्यूडी के जेई एसपी शर्मा ने बताया कि मानक के अनुसार ही काम करवाया जाएगा।