सौरिख। कस्बे की सीएचसी में शराब के नशे में पिता के साथ इलाज कराने आए युवक ने हंगामा किया। आरोप है कि युवक ने ड्यूटी पर तैनात कर्मियों से गालीगलौज कर तोड़फोड़ की। युवक के हंगामे से स्वास्थ्य कर्मियों व तीमारदारों में भगदड़ मच गई।
ग्राम नगला पसा गांव निवासी एक युवक को पिता ने बेहोशी व शराब के नशे में मंगलवार की देर रात सीएचसी में भर्ती कराया था। इलाज के दौरान होश में आने पर युवक ने स्वास्थ्य कर्मियों के साथ गालीगलौज करते हुए अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि युवक ने अस्पताल में तोड़फोड़ भी की, जिससे अस्पताल में भगदड़ मच गई। स्वास्थ्य कर्मियों के साथ अस्पताल में मौजूद तीमारदार अस्पताल छोड़कर बाहर आ गए। मामला बढ़ता देख पिता ने उसे समझा बुझाकर शांत किया। बाद में पिता-पुत्र बगैर कुछ बताए अस्पताल से भाग गए। इस मामले में ड्यूटी पर तैनात कर्मी कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।