कन्नौज। पहली नवंबर (कल) से जिले के 25 केंद्रों पर धान खरीद शुरू होगी। इस बार पिछले साल की अपेक्षा आठ केंद्र कम बने हैं, जिसकी वजह से किसानों की मुश्किलें बढ़ना तय माना जा रहा है। क्रय कंपनियां इस बार तीन तरह की हैं। ब्लॉक कन्नौज और जलालाबाद क्षेत्र में तो एक-एक केंद्र ही तय हुआ है।
जनपद में 20 हजार हेक्टेयर क्षेत्रफल में धान की पैदावार होती है। इन दिनों खेतों में तैयार हो चुकी धान की फसल की कटाई जोरों से चल रही है। काफी तादाद में फसल कटकर सुरक्षित भी हो गई है। एक नवंबर 2022 से 28 फरवरी 2023 तक सरकार की ओर से निर्धारित 25 केंद्रों पर किसानों से 2040 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से धान खरीद होगी। ए ग्रेड की धान का रेट 2060 रुपये प्रति क्विंटल घोषित हुआ है।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी अनूप श्रीवास्तव का कहना है कि 47 हजार मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य रखा गया है। करीब 450 किसानों ने पंजीकरण कराया है। 13 पीसीएफ, 11 मार्केटिंग और एक भारतीय खाद्य निगम की ओर से खरीद केंद्र खोला गया है। उधर, किसान नेता उदय राजपूत का कहना है कि किसानों की सहूलियत के लिए धान खरीद केंद्रों की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए। दूर-दूर केंद्र होने की वजह से किसानों को वाहनों से धान ढुलाई के लिए अधिक खर्च करना पड़ेगा।
------------------
इन स्थानों पर होगी धान खरीद
विपणन शाखा के ब्लॉक सदर क्षेत्र के मंडी समिति कन्नौज, जलालाबाद के जसोदा, गुगरापुर के नौरंगपुर, ब्लॉक उमर्दा क्षेत्र के मंडी समिति तिर्वा में दो केंद्र, सौरिख के ग्यासपुर और हरिभानपुर, मंडी समिति छिबरामऊ, गुरसहायगंज में तीन केंद्रों पर धान खरीद होगी। पीसीएफ के लिए सहकारी सेवा समिति गुगरापुर, भुन्ना, एफएसएस तिर्वा, सहकारी सेवा समिति बलनपुर, खैरनगर, इंदरगढ़, एफएसएस सौरिख, सकरावा, खड़िनी, छिबरामऊ पूर्वी, एसकेबीएस गुरसहायगंज, एफएसएस तालग्राम और भारतीय खाद्य निगम का खड़िनी में धान खरीद केंद्र खोला गया है।