तिर्वा। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौत हो गई। घटना को अंजाम देकर चालक ट्रक लेकर रफूचक्कर हो गया। हेलमेट न लगाए होने के कारण शमीम के सिर में गंभीर चोट आ गई। वहीं, हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
कोतवाली के अहेर गांव निवासी मोहम्मद शमीम (27) मजदूरी कर पत्नी सबीना और चार बच्चों का पालन-पोषण करता था। रविवार दोपहर एक बजे वह घर की छत पर डालने के लिए पन्नी खरीदने बाइक से बाजार जा रहा था। तिर्वा-बेला मार्ग पर इंदरगढ़ तिराहे पहुंचते ही तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में मौके पर ही उसकी मौत हो गई। कोतवाल रामअवतार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर हादसे की रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जाएगी। (संवाद)