संवाद न्यूज एजेंसी
कन्नौज। नेशनल हाईवे चौड़ीकरण की जद में आने वाले आवासीय और व्यवसायिक भवन जल्द तोड़े जाएंगे। इन भवन स्वामियों को हाईवे अथारिटी पहले ही मुआवजा दे चुका है। इसके बाद निर्माण कार्य भी शुरू करा दिया जाएगा।
कानपुर से अलीगढ़ तक नेशनल हाईवे-91 का चौड़ीकरण किया जाना है। 40-45 मीटर चौड़ा हाईवे छह लेन का बनाया जाएगा। 274 किमी लंबे हाईवे में कन्नौज जिले में 67 किमी गुजरेगा। छिबरामऊ के प्रेमपुर से मित्रसेनपुर तक आबादी वाले क्षेत्र में एलिवेटेड पुल और बाईपास बनाए जाएंगे।
हाईवे की जद में प्रेमपुर, छिबरामऊ, अकबरपुर, सरायप्रयाग, सरायदौलत, तेराजाकेट, मानीमऊ और तिखवा के आवासीय व व्यवसायिक भवन आ रहे हैं। एनएचआई के परियोजना निदेशक गौरव गुप्ता ने बताया कि निर्माण कार्य शुरू होने से पहले सभी आवासीय व प्रतिष्ठान स्वामियों को सूचना दी जा चुकी है। मुआवजा क्षेत्र में आने वाले किसानों को मुआवजा दिया जा चुका है। जल्द ही निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। नेशनल हाईवे-91 में मुख्य मार्ग पर 2.2 मीटर का फुट ओवरब्रिज बनाया जाएगा। इस पुल से पैदल चलने वाले सड़क पार कर सकेंगे।
मुआवजा मिला नहीं, शुरू हो गया हाईवे का काम
छिबरामऊ। हाईवे चौड़ीकरण के लिए सर्वे का काम चल रहा है लेकिन अभी तक किसानों सभी किसानों को मुआवजा नहीं मिल पाया है। पहले चार लेन चौड़ीकरण के लिए गजट हुआ था बाद में दो लेन बढ़ाकर छह लेन हाईवे कर दिया गया। जिन लोगों के खेती, प्लाट और भवन चौड़ीकरण में आए हैं उन्होंने मुआवजे के लिए अपने अभिलेख लेखपालों के माध्यम से तहसील में जमा करा दिए थे। तहसील 897 फाइलें अभी तक मुआवजे के लिए लंबित हैं। इसमें कुछ जमीनें ग्राम समाज की हैं और निजी जमीनों में अभिलेखीय त्रुटियां हैं। मुआवजे का काम देखने के लिए हाईवे अथारिटी की ओर से अरुण कुमार को लगाया गया है, वह कभी कभी ही आते हैं। मुआवजा मिलने से पहले ही दिल्ली की जीआर इंफ्रा कंपनी ने काम भी शुरू कर दिया है। इससे लोग परेशान हैं। प्रोजेक्ट मैनेजर योगेंद्र सिंह ने बताया कि प्रेमपुर से सलेमपुर तक लेवलिंग का काम चल रहा है। एसडीएम गौरव शुक्ला ने कहा कि तहसीलदार की अध्यक्षता में एक समिति बनी है, ये समिति मुआवजे पर काम कर रहीहै।