कन्नौज। बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले चालकों पर परिवहन विभाग की ओर से सख्त कार्रवाई की जाएगी। बार-बार चेतावनी के बाद भी हेलमेट न लगाने पर वाहन सीज होगा। दोपहिया वाहनों से होने वाली मार्ग दुर्घटनाओं में 80 फीसदी मौतें सिर में चोट लगने के कारण हो जाती हैं।
शासन प्रशासन की तमाम कोशिश अपीलों के बावजूद भी लापरवाह लोग दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं। ऐसी स्थिति में परिवहन व यातायात विभाग के अधिकारी और सख्ती बढ़ाने की तैयारी में है। सबसे पहले बार-बार चेतावनी देने के बाद भी हेलमेट न लगाने वाले दुपहिया चालकों पर कार्रवाई की जाएगी। ताकि अन्य लापरवाह चालकों को भी सबक मिले। अब कई बार बिना हेलमेट पकड़े जाने पर चालान नहीं वाहन सीज किया जा सकता है। एआरटीओ इज्या तिवारी का कहना है कि बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर अब सख्ती की जाएगी। अभी तक चालान कर जुर्माना अदा करने के बाद छोड़ दिया जाता था, लेकिन अब वाहन को सीज कर दिया जाएगा।