हसेरन। चक्की के गोदाम से चोर लाखों रुपये कीमत का सामान चोरी कर ले गए। चोरों ने गोदाम की पिछली दीवार पर लगी लोहे की खिड़की काटकर वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
सौरिख थाना क्षेत्र के ग्राम शेरपुर निवासी श्रवण कुमार भदौरिया का गांव के पास चक्की का गोदाम है। गुरुवार की रात अज्ञात चोर गोदाम की पिछली दीवार में लगी लोहे की खिड़की काटकर अंदर घुस गए। चोर गोदाम में रखी पांच हॉर्स पावर की विद्युत मोटर, टुल्लू पंप, पीतल की मशीन के दो वाल्व, इंजन का हेड समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। सुबह गोदाम खोलने पर चोरी का पता चला। पीड़ित ने घटना की सूचना सौरिख पुलिस को दी। थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह ने बताया कि प्रार्थना पत्र मिला है। घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच की जा रही है। जल्द ही चोरों का पता लगाकर कार्रवाई की जाएगी। गांव में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत है।