चालकों को जागरूक करती ट्रैफिक पुलिस।
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। सर्दियों के मौसम में कोहरे की वजह से सड़क हादसों की संख्या बढ़ जाती है। धुंध की वजह से अक्सर लोग हादसों का शिकार हो जाते हैं। इनमें घायलाें को कई बार जान गंवानी पड़ जाती है। ऐसे में सड़क हादसे रोकने के लिए पुलिस अभियान चलाएगी। धुंध में सफर करने वाले वाहनों में फॉग लाइट न मिलने पर चालान किया जाएगा।
बीते साल सांसद सुब्रत पाठक के पिता इत्र कारोबारी ओमप्रकाश पाठक की कार कोहरे के चलते आगरा लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इसमें उनकी मौत हो गई थी। कोहरे में हादसे रोकने के लिए ट्रैफिक पुलिस दिन में अभियान चलाकर चालकों को फॉग लाइट लगवाने, कोहरे में सतर्कता बरतने के लिए जागरूक करेगी।
रात को आगरा लखनऊ एक्सप्रेस-वे, जीटी रोड व प्रमुख मार्गों पर चेकिंग की जाएगी। कोहरे में यात्रा कर रहे वाहनों में फॉग लाइट न होने पर चालान किए जाएंगे। ट्र्रैफिक उप निरीक्षक कमलेश कुमार ने बताया कि कोहरे के चलते हादसों की संख्या बढ़ जाती है। हादसों से बचने के लिए धुंध के समय सफर करने से बचना चाहिए। ऐसे मौसम में गाड़ी में फॉग लाइट जरूरी है। इससे कि कोहरे में साफ दिखाई दे।
कोहरे में इनका रखें ध्यान
- मौसम का हाल जानकर ही घर से निकलें।
- सफर के दौरान वाइपर का प्रयोग करें।
- सामने वाली गाड़ी से दूरी बनाकर धीमी गति में चलें।
- एक्सप्रेस-वे पर एक ही लेन में गाड़ी चलाएं।
- गाड़ी खराब होने पर पार्किंग इंडीकेटर जलाकर खड़ी करें।