गुरसहायगंज(कन्नौज)। बाइक से जा रहे 45 वर्षीय किसान को वाहन ने टक्कर मार दी। उपचार के दौरान तिर्वा मेडिकल कालेज में मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के सराय प्रयाग के ग्राम नौधना निवासी मोतीलाल कटियार खेती करते थे। घर के बाहर परचून की दुकान भी रखे थे। वह मंगलवार देर रात करीब 11 बजे बाइक से सराय दौलत जा रहे थे। सराय प्रयाग से कुछ दूर शीतगृह के सामने अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर सराय प्रयाग चौकी प्रभारी जमाल खान पुलिस बल के साथ पहुंच गए। इन्हें स्थानीय सीएचसी ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर तिर्वा मेडिकल कालेज भेज दिया गया। उपचार के दौरान मौत हो गई।
चौकी प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे को अंजाम देने वाले वाहन की खोज की जा रही है।