तिर्वा। पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच गालीगलौज के बाद मारपीट हो गई। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर पांच आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के नथापुर्वा गांव निवासी राजकुमारी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 19 मई को उसके साथ गांव के ही कुछ लोगों ने अपशब्द बोलते हुए मारपीट की थी। इसकी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तब से आरोपित उससे रंजिश मान रहे हैं। शनिवार की सुबह वह बच्चों को स्कूल छोड़ने गई थी। बहन अंशिका घर पर अकेली थी। तभी गांव के ही अंकित व मंजू उसके घर में घुस आए और गालियां देते हुए मारपीट करने लगे।
उधर, दूसरे पक्ष की मंजू देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 13 अक्तूबर को पुत्र अंकित दरवाजे पर बैठा था। तभी गांव की राजकुमारी बहन अंशिका व जंगोला हाथों में लाठियां लेकर घर में घुस आई और मारपीट कर बेटे को घायल कर दिया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर अंकित, मंजू, राजकुमारी, अंशिका, जंगोला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। कोेतवाल राम अवतार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
--------
ट्रक की टक्कर से बाइक सवार घायल
कन्नौज। सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दनियापुर निवासी महावीर रविवार को बाइक से दोस्त शिवा के साथ तिर्वा की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह पाल चौराहे के निकट पहुंचे, पीछे से आ रहे ट्रक चालक ने लापरवाही के चलते टक्कर मार दी। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां हालत में सुधार न होने पर घायलों को डॉक्टर ने कानपुर के लिए रेफर कर दिया। उधर, घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। संवाद