संवाद न्यूज एजेंसी
सौरिख। साइबर क्राइम से जुड़े एक मामले में उत्तराखंड पुलिस ने थाना क्षेत्र में दबिश देकर कई लोगों को हिरासत में लिया। हालांकि पूछताछ के बाद सभी को छोड़ दिया गया। पुलिस का कहना था कि सात साल से कम सजा के प्रावधान वाला अपराध होने के कारण पूछताछ के बाद सभी को छोड़ दिया गया।
उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर पुलिस लाइन के एसआई पंकज सिंह व रवि कुमार ने साइबर क्राइम के एक मुकदमे को लेकर थाना पुलिस के साथ इलाके में कई जगह दबिश दी। कई लोगों को हिरासत में लेकर कुछ घंटों बाद सभी को छोड़ भी दिया गया। यह मामला पूरे दिन नगर में चर्चा का विषय बना रहा। इस संबंध में एसआई पंकज सिंह ने बताया कि साइबर क्राइम के मामले में मुकदमा पंजीकृत किया गया। इस मामले में कस्बे के कुछ लोगों को भी नामजद किया गया। लोकेशन के आधार पर इन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई थी। कोर्ट के आदेशानुसार सात साल से कम सजा वाले मामले में गिरफ्तारी न करने के आदेश के कारण सभी को पूछताछ कर छोड़ दिया गया।