कन्नौज। नगर पालिका परिषद कन्नौज से चेयरमैन पद के लिए भाजपा से ऊषा दीक्षित ने नामांकन पत्र दाखिल किया। निवर्तमान चेयरमैन शैलेंद्र अग्निहोत्री की मां मीना देवी समेत अंतिम दिन सोमवार को आठ पर्चे जमा हुए। अब तक 20 प्रत्याशी मैदान में उतर चुके हैं।
रिटर्निंग ऑफिसर पवन मीना के मुताबिक निर्दलीय प्रत्याशी मीना देवी के अलावा पुष्पा देवी पत्नी राजेश कुमार, वंदना पत्नी सुशील चंद्र, जीनत परवीन पत्नी मोहम्मद शाहीन, शहनूर पत्नी अलीम खां, सुनीता पत्नी अतुल कुमार व लता पत्नी निर्मल कुमार ने नामांकन पत्र दाखिल किए। सुबोध की पत्नी ऊषा दीक्षित ने भाजपा से पर्चा दाखिल किया। डीएम शुभ्रांत शुक्ल, सीओ डॉ. प्रियंका बाजपेयी समेत कई अधिकारियों ने नामांकन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था आदि इंतजाम देखे। मंगलवार यानि आज नामांकन पत्रों की जांच होगी। 27 अप्रैल को पर्चों की वापसी और 28 को चुनाव चिह्न का वितरण किया जाएगा।
-
टूटी आचार संहिता, दिखी भीड़
जिला प्रशासन की ओर से निकाय चुनाव की वजह से जिले में धारा 144 लागू की गई है। साथ ही आदर्श आचार संहिता का भी पालन करने का दावा किया गया है। सोमवार को तहसील सदर परिसर में ही धज्जियां उड़ गईं। कई प्रत्याशियों ने जुलूस निकाले, तो नामांकन कक्ष में निर्धारित लोगों से अधिक की भीड़ दिखी। तिर्वा आरओ कक्ष में भी कुछ इस तरह का नजारा दिखा। अंदर घुसने को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं को गेट पर पुलिस ने रोका, लेकिन वह नहीं माने।
भाजपा प्रत्याशी के नामांकन में दिखी मंत्री
नगर पालिका परिषद कन्नौज से नामांकन करने वाली भाजपा प्रत्याशी ऊषा दीक्षित के साथ उच्च शिक्षा राज्य मंत्री व जिले की प्रभारी रजनी तिवारी भी साथ दिखीं। इसके अलावा सांसद सुब्रत पाठक समेत कई भाजपा कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे। उधर, निवर्तमान चेयरमैन शैलेंद्र अग्निहोत्री ने अपनी मां मीना देवी का पर्चा दाखिल कराया।