तिर्वा। राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती युवती की मौत पर परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए मंगलवार को हंगामा किया। आरोप लगाया कि बुखार से पीड़ित युवती को भर्ती करने के बाद समय से इलाज नहीं दिया गया। पिता का कहना है कि वह डॉक्टरों से इलाज की गुहार लगाते रहे पर सुनवाई नहीं हुई। मंगलवार को हालत बिगड़ने पर जब उन्होंने बेटी को दूसरे अस्पताल में रेफर करने की मांग की तो डॉक्टरों ने रेफर भी नहीं किया। इसके चलते पुत्री की मौत हो गई।
सदर कोतवाली क्षेत्र के खिम्मापुर्वा गांव निवासी अमर सिंह ने बताया की बेटी आन्वी (18) को सोमवार की देर रात बुखार आने पर राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। मंगलवार को उसकी मौत हो गई। पिता का आरोप है कि भर्ती कराने के बाद से ही वह बेटी के इलाज के लिए डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों से गुहार लगाते रहे पर समुचित इलाज नहीं मिला। बेटी की हालत जब बिगड़ने लगी तो उन्होंने उसे दूसरे अस्पताल ले जाने के लिए रेफर करने की मांग की पर बात नहीं सुनी गई। उधर, बेटी की मौत से मां मालती देवी का रो-रोकर हाल बेहाल है। वह भी अस्पताल में इलाज न मिलने का आरोप लगाते हुए बार-बार बेटी को याद कर बिलखती रहीं। परिजनों ने पूरे मामले की जांच कराकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
वर्जन
परिजनों द्वारा लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं। युवती को पांच दिन पहले से बुखार आ रहा था। परिजन पहले झोलाझप से इलाज करवाते रहे, हालत बिगड़ने पर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था।
- डॉ. पुष्पेंद्र सिंह, प्राचार्य