मानीमऊ। श्रमिक की मौत पर मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों ने गंगा पुल पर जाम लगा दिया। पुल पर शव रखकर ग्रामीणों और परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। किसी तरह पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत कराया।
गुरसहायगंज कोतवाली के खाड़ेदेवर गांव निवासी राजेंद्र प्रसाद उर्फ अन्ना (50) जलालपुर पनवारा में जीटी रोड स्थित एक कोल्ड स्टोरेज में पल्लेदार था। गुरुवार सुबह कोल्ड स्टोरेज के गेट पर राजेंद्र की मौत हो गई थी। शुक्रवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दिल का दौरा पड़ने से मौत की पुष्टि हुई। महादेवी गंगा घाट पर अंतिम संस्कार करने जाते समय ग्रामीणों और परिजनों ने लोडर से शव उतार कर पुल पर रख दिया और मुआवजे की मांग करने लगे। जाम की सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह मौके पर पहुंच गए। परिजनों को शांत कराकर अंतिम संस्कार कराया।