एक ही परिसर में संचालित जूनियर व प्राथमिक विद्यालय के लिए नई व्यवस्था लागू की गई है। अब परिसर में एक ही विद्यालय चलेगा।
इसमें एक से आठ तक की कक्षाएं संचालित होंगी। वरिष्ठ हेडमास्टर को पूरे स्कूल का हेडमास्टर माना जाएगा।
कोरोना महामारी से छात्र-छात्राओं को बचाने के लिए सरकार ने सभी स्कूलों को बंद कर दिया था।
जुलाई माह की शुरुआत में सरकार ने सभी विद्यालयों को खोलने के आदेश जारी किए हैं। शिक्षकों को स्कूलों में पहुंच कर विद्यार्थियों को ऑनलाइन शिक्षा देनी होगी। सरकार ने छात्र-छात्राओं के स्कूल आने पर रोक लगा रखी है।
बेसिक शिक्षा विभाग ने आदेश जारी किया है कि ऐसे स्कूल जिनके परिसर में एक तरफ जूनियर व एक तरफ प्राथमिक छात्रों की कक्षाएं संचालित हों, उनका विलय कर दिया जाए।
यह स्कूल उच्च व प्राथमिक अलग-अलग नहीं माने जाएंगे। उमर्दा ब्लाक के अंतर्गत 34 स्कूल एक ही परिसर में चल रहे हैं।
बीईओ अरविंद कुशवाहा ने बताया कि उमर्दा ब्लाक में ऐसे 34 स्कूल एक हो जाएंगे। यहां एक से आठ तक की कक्षाएं चलेंगी। विद्यालय की प्रबंध समिति एक होगी। खाता भी एकल होगा।