तिर्वा। औद्योगिक गलियारे के लिए तीन गांव की चिह्नित जमीन में से यूपीडा ने एक गांव की भूमि को मंजूरी दे दी है। मंजूरी के बाद यूपीडा ने किसानों व उनके हिस्से की जमीन का ब्योरा तहसील प्रशासन से मांगा है।
तहसील क्षेत्र में औद्योगिक गलियारे के स्थापना के लिए शासन ने तहसील प्रशासन से जगह की मांग की थी। सरकार के निर्देश पर एसडीएम पवन कुमार मीणा, तहसीलदार अवनीश कुमार ने औद्योगिक गलियारे की स्थापना के लिए तहसील क्षेत्र के ठठिया, चंदौली, भुन्ना गांव के पास एक्सप्रेसवे के पास जमीन को चिह्नित कर उसका प्रस्ताव भेज दिया था।
यूपीडा के अधिकारियों व कर्मचारियों ने ठठिया की चिह्नित जमीन को औद्योगिक गलियारा के लिए उपयोगी बताकर मंजूरी दे दी है। यूपीडा ने ठठिया की चिह्नित जमीन को पास करने के बाद उस जमीन के कब्जेदार किसानों के नाम व उनके हिस्से की जमीन के ब्योरे की मांग की है।
इनसेट
85 हेक्टेयर जमीन को यूपीडा ने किया पास
एसडीएम ने बताया कि औद्योगिक गलियारा के लिए ठठिया, चंदौली, भुन्ना गांव की करीब 100 हेक्टेयर भूमि को चिह्नित कर उसका प्रस्ताव यूपीडा को भेजा था। यूपीडा ने ठठिया ग्रामसभा की चिह्नित 85 हेक्टेयर जमीन को यूपीडा ने पास कर दिया। शेष जगहों की भूमि अभी पास होना बाकी है। पास की गई जमीन के किसानों के नाम का ब्योरा यूपीडा ने मांगा है। जल्द ही उसे दे दिया जाएगा। इसके बाद यूपीडा जमीन की खरीदारी करेगी।