उन्नाव। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर शेखपुर नरी गांव के पास वाहन की टक्कर से बाइक सवार श्रमिक की मौत हो गई। वह बेटे के लिए खांसी का सिरप लेने गया था। हेलमेट भी लगाए था।
कानपुर नगर के नौबस्ता थानाक्षेत्र के खाड़ेपुर गांव निवासी रवि राजपूत (30) मजदूरी करता था। वर्तमान में वह गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के मरहाला चौराहा के पास किराये का कमरा लेकर रहता था। रविवार की रात बेटे डुग्गू को खांसी आने पर सिरप लेने गया था। रात में लखनऊ-कानपुर हाईवे पर सदर कोतवाली क्षेत्र के शेखपुर नरी गांव के पास वाहन की टक्कर से वह गंभीर घायल हो गया, पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया, डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
जेब से मिले आधार कार्ड से परिजनों से संपर्क कर सूचना दी गई। पिता रामसजीवन ने बताया कि वह गुजरात में साबुन बनाने वाली फैक्टरी में काम करते हैं। रविवार की रात गुजरात के लिए निकले थे लेकिन बेटे की मौत की सूचना से वह लौट आए। पिता ने बताया कि दो बच्चों में बड़ा बेटा मनोज दिव्यांग था, उसकी मौत हो चुकी है। अब दूसरा बेटा भी दुनिया से चला गया। पिता के मुताबिक रवि पर कुछ कर्ज भी था। इस कारण उसने कानपुर का घर बेच दिया था। पत्नी शैनू, मां फूलनदेवी और बच्चे के साथ किराये के घर में रह रहा था। कोतवाल चंद्रकांत सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है, टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाया जा रहा है।