छिबरामऊ। कन्नौज जनपद का पूर्ति विभाग छिबरामऊ नगर पालिका परिषद के लोगों के साथ सौतेला व्यवहार कर रहा है। जनसंख्या के अनुपात में अभी तक यूनिट नहीं बढ़ाए गए। सभासद ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर मामले की जांच कराकर व्यवस्था में सुधार कराने की मांग की है।
एसडीएम अशोक कुमार को सौंपे ज्ञापन में बार एसोसिएशन के महासचिव सभासद सुशील पांडेय ने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत साल 2011 की जनगणना के अनुसार जनपद कन्नौज को 64.03 प्रतिशत लक्ष्य राशन कार्ड बनाने का निर्धारित किया गया था। छिबरामऊ नगर क्षेत्र की जनसंख्या 60,986 थी।
28 नवंबर 2022 तक यूनिट की संख्या 35,638 है, जो 58.43 प्रतिशत है, जबकि जनसंख्या के हिसाब से 39,293 यूनिट होनी चाहिए। आरोप है कि पूर्ति विभाग नगर की जनता के साथ कुठाराघात कर रहा है। छिबरामऊ के यूनिट काटकर जनपद कन्नौज के अन्य क्षेत्रों में बढ़ाए जा रहे हैं। सभासद ने धांधली की जांच कराकर नगर में यूनिट बढ़ाए जाने की मांग की है। इस अवसर पर अभिषेक दुबे उर्फ रूपेश एडवोकेट व विशाल दुबे भी मौजूद रहे।