तिर्वा। शादी में कम दहेज मिलने से नाराज ससुरालीजनों ने विवाहिता को मारपीट कर घायल कर दिया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर पति समेत सात ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जनपद कानपुर के थाना शिवराजपुर क्षेत्र के कासामऊ गांव निवासी डाॅली गौतम ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी शादी वर्ष 2022 में कस्बे के आंबेडकर नगर निवासी मोहित के साथ हुई थी। शादी में मिले दहेज से पति ही खुश था और ना ही ससुरालवाले। उसका कहना है कि पति समेत ससुरालीजन अक्सर उसे दहेज कम देने का ताना मारते थे और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। डाॅली का कहना है कि पिछले महीने 28 जून को दहेज की बात को लेकर वाद विवाद हो गया। ससुराल वाले ने उसे जान से मार देने की नीयत से उस पर चाकू से हमला कर दिया। इससे वह घायल हो गई। इसके बाद वह घर आई और परिजनों को घटना की जानकारी दी। गुरुवार को पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति मुकेश, ससुर हरिशंकर, सास सरोजनी देवी, देवर कृष्णा, मंगल, विशाल, आकाश के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाल संतोष कुशवाहा ने बताया कि मामले की जांच कर की जा रही है।