कन्नौज। फिरोजाबाद में प्रेमी युगल के नहर में छलांग लगाने की घटना ने जिले में सनसनी फैला दी है। इंदरगढ़ के दोनों घरों में कोहराम मचा दिया है। युवक और युवती के परिवार उन दोनों की नजदीकी से बेखबर थे। एक दिन पहले बुधवार को ही युवती घर से गायब हुई थी। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। गुरुवार के इंदरगढ़ थाना में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज हुई थी। युवक नोएडा में रहकर किसी कंपनी में काम कर रहा था। वह गांव कब आया और बाहर ही बाहर युवती के साथ चला गया, इसकी किसी को जानकारी नहीं हो सकी।
बताया जा रहा है कि इंदरगढ़ निवासी इमरान नोएडा में किसी कंपनी में काम करता है। युवती भी इंदरगढ़ की ही है। वह बीएससी की छात्रा है। दोनों कब एकदूसरे के नजदीक आ गए, पता ही नहीं चला। बुधवार को युवती अचानक गायब हो गई। परिवार के लोग उसकी तलाश में जुटे थे। सुराग न मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। इंदरगढ़ थाना की पुलिस ने गुरुवार की सुबह युवती की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली। गुरुवार की शाम इंदरगढ़ पुलिस को यह सूचना मिली कि फिरोेजाबाद के शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे स्थित भूड़ा पुल से युवक व युवती ने आत्महत्या के इरादे से छलांग लगाई थी। आसपास मौजूद लोगों ने युवती को बचा लिया पर युवक का पता नहीं चल सका। युवती ने ही पूछताछ में पूरी बात बताई। उसी ने बताया कि वह बुधवार को गांव के इमरान के साथ भागी थी। दोनों परिवार से डर गए थे। गुरुवार को दोनों वहीं के बालाजी मंदिर गए और एक साथ हाथ पकड़कर नहर में छलांग लगा दी। इंदरगढ़ के थानाध्यक्ष किशनपाल सिंह ने बताया कि यहां से एक टीम रवाना की गई है। युवती को लाने के बाद उसका बयान लिया जाएगा। उसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-
पुलिस और परिजन गए फिरोजाबाद
फिरोजाबाद पुलिस से मिलते ही यहां से इंदगरढ़ थाना के एसआई ब्रजेश यादव टीम के साथ वहां के लिए रवाना हो गए। युवक का भाई और युवती के पिता भी वहां गए हैं। गांव में इस मामले को लेकर लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चा हो रही है।
-
एक के पिता घरों में करते हैं पुताई, दूसरे के पिता शादी में बनाते हैं खाना
युवक और युवती दोनों ही साधारण परिवार से हैं। युवक के पिता गांव में ही रह कर घरों में रंगाई-पुताई का काम करते हैं। युवती के पिता शादी में खाना बनाने का काम करते हैं। उन दोनों के बच्चे कब एकदूसरे के नजदीक पहुंच गए और इतना बड़ा कदम उठा लिया, इसकी उन्हें भनक तक नहीं लग सकी।