भगवंतापुर गांव में टीले की मिट्टी हटाने के दौरान मां भगवती की एक मूर्ति मिली है। कुछ लोग सोने तो कुछ लोग अष्टधातु की मूर्ति बता रहे है। इस बाबत न तो पुरातत्व संग्रहालय को और न ही प्रशासन को सूचना की गई है। भगवंतापुर गांव में नवदुर्गा उत्सव के दौरान श्रीमद्भागवत कथा हुई।
शनिवार को समापन के बाद भंडारा आदि होने के बाद भक्तों द्वारा कथा स्थल पर सफाई की जा रही थी। एक स्थान पर मिट्टी का टीला बना हुआ था। भक्तों ने मिट्टी हटाना शुरू किया, तभी एक पत्थर में खुरपी टकराने से आवाज आई। लोग पत्थर निकालने लगे तो मां भगवती की करीब पांच किलो वजन की मूर्ति निकली।
साफ-सफाई के बाद भक्तों ने पूजा अर्चना शुरू कर दी। डीएम अनुज कुमार झा से इस संबंध में पूछा गया तो उनका कहना था कि यह मामला उनके संज्ञान में नहीं है। मूर्ति अष्टधातु की है अथवा और किसी धातु की इसकी जांच कराई जाएगी।