शहर के विद्युत उपभोक्ताओं को बेहतर बिजली देने को
अंडरग्राउंड केबिल डाली जाएगी। शुक्रवार को विभागीय व प्रशासनिक अधिकारियों
ने पूजन के साथ योजना का शुभारंभ किया। यह योजना दिसंबर 16 तक पूर्ण करके
बिजली आपूर्ति शुरू कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
एक्सईएन
विद्युत के कार्यालय परिसर में सबसे पहले अधिकारियों ने भूमि पूजन के साथ
हवन का आयोजन किया। इसमें सभी ने आहुतियां डालीं। इसके बाद कार्यक्रम का
आयोजन किया गया। इसमें योजना के बारे में विस्तार से जानकारी एक्सईएन
विद्युत पी राम ने दी। उन्होंने बताया कि यह योजना 54 करोड़ 58 लाख रुपये
से साकार होगी।
इसमें 110 किमी हाईटेंशन लाइन व 210 किमी एलटी लाइन गलियों
के अंदर डाली जाएंगी। कार्यदायी संस्था राज्य कार्पोरेशन लिमिटेड मैनपुरी
द्वारा किया जाएगा। बताया कि इस व्यवस्था से शहरवासियों को आंधी-तूफान आने
के दौरान भी बेरोकटोक बिजली मिलती रहेगी।
डीएम अनुज झा व सीडीओ उदयराज यादव
ने अंडरग्राउंड केबिल से मिलने वाले लाभ गिनाए, वहीं सीएम द्वारा जिले को
इस योजना के तहत चयनित करने पर उनके प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि
जनता को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए। भूमिगत बिजली केबिल डालने के
कार्य में लोगों को प्रशासन का सहयोग करना चाहिए, क्योंकि यह व्यवस्था
उपभोक्ताओं के लिए बेहद लाभकारी सिद्ध होगी।
पूर्व ब्लाक प्रमुख नवाब सिंह
यादव, सपा जिलाध्यक्ष मुन्ना दारोगा ने कहा कि शहर के लोगों को आने वाले
समय में फाल्ट के कारण घंटों बिजली की कटौती नहीं झेलनी पड़ेगी। शासन से
मिलने वाली पूरी बिजली घर-घर पहुंच सकेगी। इसके अलावा एक्सईएन जेके शर्मा
ने भी विचार व्यक्त किए।
इस मौके पर सपा नगर अध्यक्ष भोले कुरैशी, एक्सईएन
विद्युत छिबरामऊ आरएन वर्मा, एसडीओ सुधांशु श्रीवास्तव, राजेश कुमार,
शशिकांत, दीपचंद्र, एसडीओ वीरभद्र सिंह, शिवराम कश्यप, जेई पंकज यादव,
अवनीश कुमार, गजेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।