कन्नौज। शहर में जल्द पटरी दुकानदारों को नया बाजार मिलेगा। तिर्वा क्रासिंग रेलवे ओवरब्रिज के नीचे दोनों तरफ वेंडिंग जोन बनेगा।
इसमें 50 दुकानें लगाई जा सकेंगे। नगर पालिका के अधिकारियों का कहना है कि वेंडिंग जोन बनाने का काम शुरू करा दिया गया है।
प्रयास किया जा रहा है कि दीपावली तक वेंडिंग जोन तैयार कर उसे शुरू भी करा दिया जाए। जोन बनने के बाद लोगों को जाम की समस्या से भी निजात मिलेगी।
तिर्वा क्रासिंग पर रेलवे ओवरब्रिज बनने के बाद से नीचे दोनों ओर सड़क पर दुकानदारों ने अवैध कब्जा कर रखा है। सेतु निर्माण के गोदामों पर भी दुकानदारों के कब्
जे हैं। जिलाधिकारी शुभ्रान्त शुक्ल ने ओवरब्रिज के नीचे दोनों तरफ वेंडिंग जोन निर्धारित करने का फैसला लिया है।
दोनों ओर 25-25 पटरी दुकानदारों को ठेले व तख्त पर दुकानें लगाने की सुविधा दी जाएगी। डीएम के निर्देश पर ईओ नगर पालिका ने वेंडिंग जोन योजना पर काम शुरू कर दिया है।
डीएम ने बताया कि वेंडिंग जोन से पटरी दुकानों की आय बढ़ेगी। इसके अलावा जाम और हादसों की रोकथाम होगी।
ओवरब्रिज बनने के बाद रेलवे क्रासिंग को बंद कर दिया गया है। इससे तिर्वा रोड पर करीब गारमेंटस, होटल, कीटनाशक-सीड्स, परचून और पान-मसाला के करीब 80 से अधिक दुकानदारों का व्यापार चौपट हो गया था।
वेंडिंग जोन बनने से फिर यहां का बाजार गुलजार होगा।
फल विक्रेता प्रदीप कुमार का कहना है कि अभी वह लोग अलग-अलग स्थानों पर दुकानें लगाते हैं। एक स्थान पर वेंडिंग जोन होने से एक साथ कई ठेले और दुकानें लगेंगी। इससे उनकी आमदनी भी बढ़ेगी।
तिर्वा रोड स्थित परचून दुकानदार अविनाश दुबे का कहना है कि पुल बनने के साथ से सन्नाटा छाया रहता है। अगर वेंडिंग जोन बनता है, तो बाजार से सन्नाटा दूर हो जाएगा और चहल-पहल रहेगी।