कन्नौज जिले में खेत की ओर पैदल जा रही मासूम बच्ची को कार ने टक्कर मार दी। इससे उसकी मौत हो गई। बच्ची की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। चालक मौके से कार समेत फरार हो गया। थाना क्षेत्र के मुंडाला टिकुरियन निवासी राजवीर शाक्य चाट का ठेला लगाता है। उसकी छह वर्षीय बेटी मनु प्राथमिक विद्यालय में कक्षा एक की छात्रा थी।
रविवार रात करीब नौ बजे वह खेत की ओर पैदल जा रही थी। इस दौरान आगरा लखनऊ एक्सप्रेस-वे के सर्विस रोड को पार करते समय कार ने उसे टक्कर मार दी। इससे मनु की मौत हो गई। मनु का शव देखते ही मां माधुरी और छोटी बहन तनु बेसुुध हो गईं।
सोमवार सुबह खंड शिक्षाधिकारी डॉ. अवनीश कुमार और प्रधानाध्यापक विकास कुमार यादव शिक्षकों के साथ मनु के घर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। थाना प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर जल्द रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।