तालग्राम। छिबरामऊ मार्ग पर किशनपुर पेट्रोल पंप के पास बुधवार की देर रात अनियंत्रित रोलर गहरे खाई में गिरकर पलट गया। हादसे में चालक समेत चार लोग घायल हो गए। गंभीर हालत होने पर दो लोगों को सीएचसी से रेफर कर दिया गया है। बिहार जिला समस्तीपुर थाना पटोरी अंतर्गत गांव शिवरा निवासी सोनेलाल दास (55) रोलर चलाकर छिबरामऊ से कन्नौज जा रहे थे। साथ में गांव के छोटू कुमार दास (22) और जिला वैशाली अंतर्गत बाजिदपुर निवासी बच्चन मेहतो (31) और सतरोहन मेहतो (58) भी थे। किशनपुर पेट्रोल पंप के समीप रोलर अनियंत्रित होकर कर खाईं में पलट गया। इससे रोलर चालक समेत चार लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सीएचसी भर्ती कराया। दो घायलों को मेडिकल कॉलेज तिर्वा रेफर कर दिया गया है। (संवाद)