तिर्वा (कन्नौज)। तिर्वा-खैरनगर मार्ग पर हंसापुर गांव के पास रविवार शाम एक अनियंत्रित कार ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। इस हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। कार चालक घटना के बाद मौके से फरार हो गया।
कानपुर देहात के शिवली थाना क्षेत्र के दाईताला गांव निवासी विश्वनाथ (30) और महेश (28) तिर्वा आए थे। शाम को दोनों बाइक से लौट रहे थे। जैसे ही वे हंसापुर गांव के पास पहुंचे तभी सामने से तेज गति से आ रही बिना नंबर प्लेट वाली कार ने टक्कर मार दी। दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों घायलों की मदद की और उन्हें स्थानीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार शुक्ला ने बताया कि घायल युवकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। क्षतिग्रस्त कार को कोतवाली में खड़ा करवा लिया गया है। घायलों में से एक की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है, जबकि दूसरे की स्थिति स्थिर बताई जा रही है। (संवाद)