उमर्दा विकास खंड में शुक्रवार को क्षेत्र पंचायत
प्रमुख पद के शुरू हुए नामांकन में कड़ी सुरक्षा के मध्य चार उम्मीदवारों
ने निर्वाचन अधिकारी के समक्ष नामांकन दाखिल किए। जांच के बाद आरओ ने सभी
चारों उम्मीदवारों के नामांकन वैध पाए। इस दौरान ब्लाक परिसर में भारी
पुलिस बल मौजूद रहा।
शुक्रवार की दोपहर 12:35 पर सलोवा के जिलाध्यक्ष व
सपा प्रत्याशी इंद्रेश यादव ने निर्वाचन अधिकारी अरविंद पांडेय के समक्ष
चार सेटों में नामांकन दाखिल किया। इसके बाद दोपहर एक बजे भाजपा प्रत्याशी
सुनीता देवी पत्नी अजब सिंह राजपूत ने एक सेट में अपना नामांकन दाखिल किया।
दोपहर डेढ़ बजे सपा के तिर्वा विस प्रभारी अजय वर्मा ने दो सेटों में अपना
नामांकन दाखिल किया। दोपहर सवा दो बजे अजय वर्मा की पत्नी ज्योत्सना वर्मा
ने दो सेटों में एआरओ के समक्ष अपना नामांकन दाखिल किया। उधर, सुरक्षा
व्यवस्था के लिए ब्लाक परिसर के गेट पर ही भारी पुलिस बल व पीएसी की टीम
मौजूद थी।
प्रत्याशी के साथ सिर्फ अनुमोदक व प्रस्तावक को ही प्रवेश
दिया जा रहा था। इसके अलावा किसी भी व्यक्ति को पुलिस ने प्रवेश नहीं दिया।
उधर, सभी प्रत्याशी भी बिना किसी जुलूस के प्रस्तावक व अनुमोदकों के साथ
ब्लाक परिसर पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से एसडीएम उदयवीर सिंह,
सेक्टर मजिस्ट्रेट जल निगम निर्माण खंड के प्रोजेक्ट मैनेजर पीएस चहर, सीओ
सुरेंद्रपाल सिंह, बीडीओ रामउदरेज यादव, तिर्वा कोतवाल बीएल यादव मौजूद थे।
दोपहर तीन बजे सभी नामांकन पत्रों की जांच की प्रक्रिया शुरू हुई।
निर्वाचन अधिकारी ने जांच-पड़ताल के बाद चारों उम्मीदवारों के नामांकन वैध
घोषित किए।