खुलासा करते एएसपी केशव चंद्र गोस्वामी।
- फोटो : amarujala
राहगीरों को झांसा देकर लूटपाट करने वाले गिरोह में शामिल युवती समेत दो युवकों को स्वाट टीम ने दबोच लिया। पकड़े गए लुटेरों के कब्जे से पुलिस ने कार समेत लूटी गई नगदी बरामद की है।
27 सितंबर को कोतवाली छिबरामऊ के नकटपुर गांव निवासी किसान राकेश सिंह यादव 97 हजार रुपये लेकर कोल्ड स्टोरेज जा रहा था। सफेद रंग की टाटा टिगोर कार में सवार दो युवकों ने राकेश सिंह यादव को रोककर पड़ोस के गांव का रास्ता पूछा। इनके रास्ता बताने पर कार सवार युवकों ने कार में बैठकर आगे तक छोड़ देने के लिए कहा। कार में पहले से बैठी युवती को देखकर यह झांसे में आ गए। थोड़ी दूर जाने के बाद कार में सवार युवकों ने तमंचा लगाकर राकेश सिंह यादव से 97 हजार रुपये लूट लिए।
बुधवार को स्वाट टीम प्रभारी पप्पू सिंह ठैनुआ और छिबरामऊ कोतवाल संतोष कुमार व्यास ने सौरिख तिराहे के पास वारदात को अंजाम देने वाले पिंटू उर्फ जोगिंदर कुमार पुत्र मुन्नालाल, अमित कुमार पुत्र राम सिंह और पूजा देवी पुत्री महेश चंद्र निवासी बहवलपुर छिबरामऊ को दबोच लिया। पुलिस ने तीनों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त कार समेत लूटे गए 80 हजार रुपये और तीन मोबाइल बरामद किए हैं।