तालग्राम (संवाद)। लखनऊ जा रहे प्रचार वाहन में सो रहे दो युवक खुली बॉडी के कारण गुरुवार को करवट लेते ही एक्सप्रेसवे लेन पर गिर गए। हादसे में दोनों युवक घायल हो गए। 200 मीटर दूर निकलने पर चालक को साथियों के गिरने की भनक लगी तो कंट्रोल रूम पर फोन कर मदद मांगी। इसके बाद यूपीडा और एटलस टीमों ने घायलों को तलाश कर अस्पताल भेजा।
सीतापुर जिले के थाना इमलिया सुल्तानपुर अंतर्गत गांव सरायजीत निवासी अंकित शर्मा (35) एक बाइक कंपनी का प्रचार वाहन चला कर आगरा से लखनऊ जा रहे थे। वाहन में दाहिनी तरफ प्रचार का बोर्ड लगा था जबकि बाईं तरह बॉडी खुली थी। उसके दो साथी थाना रामकोट के दलेनगर निवासी गौतम (30) पुत्र रामकुमार, थाना अटरिया के गांव शहजनपुर निवासी योगेश शर्मा (31) पुत्र कृष्ण अवतार वाहन के पीछे सो रहे थे। इस दौरान दोनों युवक वाहन से नीचे गिर गए।
काफी दूर निकल जाने के बाद आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे क्षेत्र के तिलकापुर गांव के पास चालक को साथियों के वाहन पर न होने की जानकारी हुई। चालक ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। इसके बाद यूपीडा सहायक सुरक्षा अधिकारी राजेंद्र प्रसाद कनौजिया एटलस सेफ्टी टीम, डायल 112 पुलिस, 9143 एंबुलेंस 172 तलाश में जुटी गई। 164.700 किलोमीटर पर गौतम और योगेश घायल अवस्था में पड़े मिले। दोनों को एंबुलेंस से वाहन चालक अंकित के साथ राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा भेजा गया।