निकवा में लहन नष्ट करती पुलिस टीम।
- फोटो : amarujala
थाना पुलिस ने क्षेत्र के गांवों में कच्ची शराब के खिलाफ अभियान चलाया। दो हजार लीटर से अधिक लहन व उपकरणों को नष्ट किया गया। 40 लीटर शराब व भट्टी के साथ दो को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
प्रभारी निरीक्षक राजा दिनेश सिंह व अमोलर चौकी प्रभारी महेंद्र सिंह, सुखवीर, महिला सिपाहियों की टीम ने शुक्रवार रात बिचपुरवा गांव में छापा मारा। छापे की भनक लगते ही अवैध शराब का काम करने वाले गांव से भाग निकले। भागते समय गांव के जितेंद्र सिंह पुत्र सोबरन सिंह को बीस लीटर शराब समेत गिरफ्तार कर लिया गया।
शनिवार दोपहर गिहार बस्ती निकवा में छापेमारी की गई। जमीन में दबाकर रखे गए प्लास्टिक के डिब्बों में केमिकल व यूरिया खाद से तैयार लहन को निकालकर फेंक दिया गया। भट्टी व उपकरणों को नष्ट कर दिया गया। निकवा के संजय पुत्र चंदू कंजड़ को 20 लीटर कच्ची शराब, उपकरणों व भट्टी के साथ दबोच लिया गया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आबकारी अधिनियम में मुकदमा पंजीकृत कर जेल भेजा गया है। अवैध व कच्ची शराब के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।
40 लीटर शराब समेत चार पकड़े
पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाते हुए ग्राम उड़ैलापुर में छापामार कार्रवाई की। यहां दो भट्ठियों पर शराब बनाई जा रही थी। पुलिस ने 40 लीटर शराब बरामद कर चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने बताया कि उड़ैलापुर में दो जगह भट्ठी लगाकर शराब बनाई जा रही थी। यहां से लगभग 3500 लीटर लहन बरामद हुआ। इसे नष्ट किया गया। शराब बनाने की दो भट्ठी और भारी मात्रा में उपकरण के साथ 40 लीटर कच्ची शराब भी बरामद हुई है। मौके से दिनेश पुत्र सुरेशचंद्र, कमलेश पुत्र रामसनेही, रामवीर पुत्र कर्ण सिंह तथा आंचल पत्नी जयसिंह के खिलाफ अवैध शराब में कार्रवाई की गई है।