सौरिख। थाना क्षेत्र के उदारा गांव में रास्ते से ट्रैक्टर निकालने को लेकर हुए दो पक्ष आमने सामने आ गए। गाली-गलौज के साथ जमकर पथराव हुआ। दोनों पक्षों से पांच लोग घायल हो गए। इनमें से चार की हालत गंभीर होने पर तिर्वा मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया।
नादेमऊ चौकी क्षेत्र के उदारा गांव निवासी चंद्रपाल एवं रामचरन के बीच पुराना विवाद चला आ रहा है। रविवार देर शाम चंद्रपाल ट्रैक्टर लेकर रामचरन के दरवाजे से गुजर रहे थे। तभी किसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। कुछ ही देर में दोनों पक्षों से दर्जनों लोग आमने-सामने आ गए और गाली-गलौज के साथ लाठी-डंडे व ईंट-पत्थर चलने शुरू हो गए। विवाद में एक पक्ष से चंद्रपाल, प्रिंस व गुड्डू जबकि दूसरे पक्ष से रामचरन, शिवरतन गंभीर रूप से घायल हो गए। पथराव से ट्रैक्टर भी क्षतिग्रस्त हो गया। विवाद की सूचना पर पहुंची चौकी पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर घायलों को सीएचसी भिजवाया। यहां रामचरन, शिवरतन, चंद्रपाल व गुड्डू की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद मेडिकल कॉलेज तिर्वा रेफर किया गया। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मामला मारपीट का है दोनों तरफ से मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया है।