इंदरगढ़। क्षेत्र के बमरौली गांव में रंजिश के चलते शुक्रवार देर शाम को दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर 13 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी दिनेश ने बताया कि गांव के बाहर मंदिर के पास रंजिश को लेकर सुभाष, शिवा, सूरज, सत्यम तथा उनके दो अन्य रिश्तेदारों ने उन्हें घेर लिया और गालीगलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने पीट दिया और कुल्हाड़ी से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बीच-बचाव करने आई चाची और बेटे को मारपीट कर घायल कर दिया गया। पुलिस ने सुभाष, शिवा, सूरज, सत्यम सहित दो अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।
वहीं दूसरे पक्ष से श्रीराम ने आरोप लगाया कि उनकी बहू सविता घर पर बैठी थी तभी विनोद, राकेश, बबलू, उमेश शर्मा, प्रीति, नीलम और भगवती गालीगलौज करते हुए घर में घुस आए। मना करने पर आरोपियों ने नाती सूरज और बहू सविता समेत परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मारपीट की और उन्हें घायल कर दिया। थानाध्यक्ष नीलम सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।