छिबरामऊ। रंजिश के चलते दो परिवारों में चले लाठी, डंडों व ईंट पत्थर चल गए। इसमें महिला समेत छह लोग घायल हो गए। एक युवक का हाथ टूट गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर रविवार कोप्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लक्षीराम नगला निवासी लक्ष्मी ने बताया कि गांव के राजेश, भूरे, पिंटू, रिंकू तथा राज उसके परिवार से रंजिश मानते हैं। छह मार्च को सभी दरवाजे पर आकर गालीगलौज करने लगे। विरोध करने पर लाठी-डंडों और ईंटों से हमला कर दिया। इसमें पति विक्की का हाथ टूट गया। आसपास के लोगों के आ जाने पर यह लोग जान से मारने की धमकी देकर चले गए।
वहीं दूसरे पक्ष से नीतू ने बताया कि छह मार्च की सुबह गांव का अजय, सचिन तथा राज दरवाजे पर बंधा बकरा ले जाने लगा। विरोध करने पर यह लोग गालीगलौज कर मारपीट करने लगे। मारपीट में लक्ष्मी व उसका बेटा घायल हो गए। बचाने आए गांव के रविंद्र व आयुष भी घायल हो गए। दोनों पक्षों ने कार्रवाई के लिए पुलिस से शिकायत की है। कोतवाल विष्णुकांत तिवारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।