कन्नौज। जिले की उचित दर दुकानों की जांच दूसरे विभाग के अधिकारियों से कराई जा रही है। इसे लेकर उचित दर विक्रेताओं में खलबली है। वहीं विभाग द्वारा अनियमितता मिलने पर गुरुवार को दो उचित दर दुकानें निलंबित कर दी गई हैं।
सदर तहसील क्षेत्र के सारोतोप व जलालपुर अमरा की दुकानों का निरीक्षण कर जांच की गई। जांच में एक विक्रेता गायब मिला, जिस कारण राशन वितरण नहीं हो रहा था, वहीं दूसरी दुकान पर मिली खामियों की जांच की जा रही है। जिला पूर्ति अधिकारी राजीव कुमार मिश्रा ने बताया कि शासन के निर्देश पर जिले में उचित दर दुकानों की क्रॉस चेकिंग कराई जा रही है। इसके लिए दूसरे विभाग के अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। अधिकारी दुकानों पर जाकर स्टॉक रजिस्टर, वितरण रजिस्टर, राशन कार्ड धारकों की सूची और ई-पॉश मशीन की जांच कर रहे हैं। लाभार्थियों से भी पूछताछ की जा रही है कि उन्हें पूरा राशन मिल रहा है या नहीं।
विक्रेताओं का कहना है कि अचानक दूसरे विभाग से जांच कराने से उनमें डर का माहौल है। कई विक्रेता इसे परेशान करने वाला बता रहे हैं। हालांकि विभाग का कहना है कि ईमानदार विक्रेताओं को डरने की जरूरत नहीं है। जांच का उद्देश्य गरीबों तक पूरा राशन पहुंचाना है। जिला पूर्ति अधिकारी राजीव मिश्रा ने कहा कि निलंबित दुकानों के कार्ड धारकों को पास की दुकान से राशन दिलाया जाएगा, ताकि उन्हें परेशानी न हो। जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।