कन्नौज। पुलिस ने रविवार को दो लोगों पर बांग्लादेशी घुसपैठियों को शरण देने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है। इसके बाद इन्हें गिरफ्तार करके अदालत में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। शहर से 12 बांग्लादेशी पकड़कर दिल्ली स्थित डिटेंशन सेंटर ले जाए गए हैं। जांच के बाद इन्हें दूतावास के माध्यम से बांग्लादेश भेजा जाएगा। बताया जा रहा सभी फर्जी आधार कार्ड बनवाकर शेखपुरा में 15 सालों से झोपड़ी डालकर रह रहे थे। सभी कबाड़ का काम करते थे। पुलिस जिले में कई स्थानों पर ऐसे लोगों की तलाश कर रही है।
शहर के मोहल्ला शेखपुरा से पुलिस ने चार संदिग्ध बांग्लादेशियों समेत छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उन्होंने अपना नाम बांग्लादेश के जिला बागेरहट के लखपुर निवासी अब्दुल शेख, जिला नोडइल के ग्राम अगदिया निवासी तिलबमुल्ला, जिला खुन्ना निवासी अफसर मुल्ला और रमजान उर्फ गोलू बताया। बताया कि मोहल्ला शेखपुरा निवासी ताजुद्दीन और मोहम्मद शहनबाज की खाली पड़ी जमीन पर झोपड़ी डालकर रहते थे और कबाड़ का काम करते थे।
तिलबमुल्ला के आधार कार्ड में शेखपुरा निवासी बाबू लिखा था। उसने बताया कि आधार कार्ड बनवाने में इन दोनों ने मदद की थी। दिल्ली पुलिस जिन लोगों को पकड़कर ले गई, उनमें से भी कई लोगों के आधार कार्ड बनवाने के लिए कहा था। इन लोगों ने कहा था कि भारत का आधार कार्ड बनने के बाद सभी सरकारी सुविधाएं मिलने लगेंगी। कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बांग्लादेशियों को शरण देने वाले दोनों लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। एसपी विनोद कुमार का कहना है कि कन्नौज शहर से 12 बांग्लादेशी घुसपैठिए पकड़े गए हैं, जिन्हें दिल्ली स्थित डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया है। उनको शरण देने वाले दो आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। जिले में और भी घुसपैठिए हो सकते हैं, इसकी जांच कराई जा रही है।
पश्चिम बंगाल के रास्ते कन्नौज आए थे बांग्लादेशी
शेखपुरा मुहल्ला में अवैध ढंग से रह रहे 12 बांग्लादेशी 2010 में चोरी-छिपे बार्डर पार कर पश्चिम बंगाल होते हुए शहर पहुंचे थे। एसटीएफ सभी से डिटेंशन सेंटर दिल्ली में पूछताछ कर रही है। दिल्ली पुलिस ने कुछ दिनों पूर्व दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके से दो बांग्लादेशी को पकड़ा था। पूछताछ के बाद पुलिस ने 23 सितंबर को शेखपुरा से आठ बांग्लादेशी को अपने साथ ले गई। दिल्ली के रोहिल्ला स्थित डिटेंशन सेंटर में पूछताछ के बाद दिल्ली एसटीएफ के निर्देश पर शनिवार को सदर कोतवाली पुलिस ने चार और बांग्लादेशी को गिरफ्तार किया था।
जिम संचालक ने दी पनाह, बनवाए आधार कार्ड
पुलिस के मुताबिक मोहल्ला शेखपुर में जिम संचालक शहनबाज ने बांग्लादेशियों को 15 साल पहले पनाह दी थी। भारत की नागरिकता हासिल कराने के लिए उनके आधार कार्ड बनवाए थे। इनमें से अधिकांश के आधार कार्ड पश्चिम बंगाल के मालदा, उत्तरी 24 परगना, हुबली समेत कई जिलों के थे। एक का आधार कार्ड कन्नौज से बन गया था। सभी कन्नौज से आधार कार्ड बनने पर डूडा से प्रधानमंत्री आवास दिलाने की योजना थी। कई बांग्लादेशी युवकों ने शादी भी कर ली थी और उनके बच्चे हैं।