तालग्राम। बिहार से हरियाणा जा रही स्लीपर बस का आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर टायर पंचर हो गया। इस कारण तेज रफ्तार बस अनियंत्रित हो गई। हादसे की आशंका देखकर खिड़की से कूदे युवक और किशोर की मौत हो गई।
कोतवाली छिबरामऊ मोहल्ला भानपुरा निवासी बुद्ध विलास दिल्ली के वैष्णो ट्रैवल्स की स्लीपर बस चलाता है। वह अररिया बिहार से हरियाणा के निकला था।
बस में करीब सौ सवारियां थी। मंगलवार की भोर में चार बजे आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे थाना तालग्राम के बेहटा गांव के पास पहुंचते ही बस का पिछला टायर पंचर हो गया।
इससे तेज रफ्तार में बस अनियंत्रित हो गई। इस दौरान बस पलटने की आशंका देखकर कर बिहार के जिला अररिया थाना फोरबिसगंज गांव परवाहा निवासी बसंत (40) इमरजेंसी खिड़की से बाहर कूद गया।
यह देखकर पास ही बैठा जिला पूर्णिया थाना मीरगंज गांव बघवा निवासी पिंटू कुमार (15) भी जान बचाने के लिए कूद गया। रोड पर गिरने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
यूपीडा सहायक सुरक्षा अधिकारी राजेंद्र प्रसाद कनौजियाने बसंत को मेडिकल कॉलेज तिर्वा में भर्ती कराया।
यहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घायल पिंटू कुमार को उसकी मौसी काली देवी पत्नी सुनील ने सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
यहां इलाज के दौरान पिंटू कुमार ने भी दम तोड़ दिया। थाना प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि हादसे के बाद बस को कब्जे में ले लिया गया है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।