तिर्वा। खेत में पानी भरने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर शनिवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र के दिलीप नगर गांव निवासी प्रेमलता, पुत्री निशा के साथ घर में खाना बना रहीं थीं। इसी दौरान गांव के ही सुखदेव, पुत्र अखिलेश, योगेश और पुत्री राधा के साथ घर में घुस आए और मारपीट शुरू कर दी। इस हमले में प्रेमलता, उनकी पुत्री निशा, सास केशवती और सोनेलाल घायल हो गए। वहीं, दूसरे पक्ष से सुखदेव ने दी तहरीर में बताया कि सोनेलाल, प्रेमलता, अनमोल व निशा घर में घुस आए और गालीगलौज कर मारपीट करने लगे।
मारपीट में राधा सहित दो लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। कोतवाल संजय कुमार शुक्ला ने बताया कि विधिक कार्रवाई की जा रही है।