सदर कोतवाली पुलिस ने स्वाट टीम के साथ दो अवैध शराब
के कारोबारियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। पुलिस ने शराब के साथ
ही एक तमंचा और एक कार भी बरामद की है।
मानीमऊ क्षेत्र में हो रहे शराब
के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने को कोतवाली प्रभारी श्यामवीर सिंह व एसएसआई
बृज किशोर गौतम ने स्वाट टीम के कर्मियों के साथ मानीमऊ रेलवे स्टेशन के
पीछे सुनसान जगह पर घेराबंदी की। रविवार सवा सात बजे के करीब सुनसान जगह पर
खड़ी कार को बरामद किया गया।
इस दौरान कार के अंदर मिलावटी शराब बनाने का
अवैध काम चल रहा था। पुलिस ने मिलावटी शराब बना रहे पंकज कुमार निवासी
बरगदिया थाना हरियावां हरदोई व अजय शुक्ला निवासी डाक बंगला रोड सरायमीरा
को दबोच लिया। तलाशी के दौरान पंकज के पास से एक 315 बोर का तमंचा भी बरामद
किया गया है।
इसके अलावा मौके पर पुलिस को 69 लीटर अवैध शराब व एक
किलो यूरिया खाद भी मिली है। पुलिस के अनुसार, चार प्लास्टिक की कट्टी में
60 लीटर शराब भरी हुई थी। इसके अलावा करीना ब्रांड के 45 क्वार्टर में भरी
मिलावटी शराब भी बरामद की गई है। 300 खाली प्लास्टिक के क्वार्टर, ढक्कन व
रैपर भी बरामद हुए हैं।
बरामद बैगनआर कार में आगे व पीछे की नंबर प्लेट में
अलग-अलग नंबर लिखे पाए गए। एसएसआई ने बताया कि उक्त लोग शराब में यूरिया
मिलाकर उससे नशा छाने की क्षमता बढ़ा देते हैं। मुकदमा दर्ज करने के बाद
दोनों युवकों को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।