कन्नौज। शहर के तिर्वा क्रासिंग के पास बाइक और ऑटो में भिड़ंत हो गई। इसमें बाइक सवार टेंट कारोबारी के बेटे और ऑटो सवार वृद्ध की मौत हो गई। जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बुधवार की रात करीब 10 बजे शहर के सरायमीरा ठेकेदार गली निवासी टेंट कारोबारी नरेश चंद्र उर्फ बब्बन गुप्ता का 16 वर्षीय बेटा पीयूष गुप्ता पल्सर से घर लौट रहा था। उसके साथ दोस्त सूजल भी था। इस दौरान तिर्वा क्रासिंग के पास जीटी रोड पर सामने से आ रहे ऑटो में बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।
दुर्घटना में पीयूष और ऑटो सवार वृद्ध सारोतोप गांव निवासी जमील (61) की मौत हो गई। ऑटो में सवार मृतक के परिवार की शबनम, शबीना, ऑटो चालक कल्लू और बाइक सवार सूजल गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक कल्लू ने बताया कि वह परिवार में बीमार चल रहे बच्चे को दवा दिलाकर ऑटो से घर लौटते समय हादसा हो गया। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
कोतवाली प्रभारी आलोक कुमार दुबे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
ऑटो में फंसे रहे घायल
बाइक में टक्कर लगने के बाद ऑटो क्षतिग्रस्त हो गया। इससे घायल ऑटो में फंस गए। राहगीरों ने गुजर रहे ट्रक चालक से लोहे की राड लेकर बॉडी को तोड़कर करीब आधा घंटे बाद घायलों को बाहर निकाला। इस बीच चालक जमील ने दम तोड़ दिया।