तिर्वा। एक्सप्रेसवे पर हुए दो हादसों में मासूम समेत दो लोगों की मौत हो गई। दोनों हादसों में कुल आठ लोग घायल हुए। पुलिस ने घायलों को मेडिकल काॅलेज में भर्ती कराया।
ठठिया थाना और कानपुर देहात के अरौल थाना क्षेत्र की सीमा पर कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में कार सवार संतकबीरनगर के थाना खलीलाबाद गांव नौरंगिया निवासी दीपक (28), रामकुमार (25), राकेश (26), शिल्पा (25) पत्नी रामकुमार, दिनेश (21), सरैया (7 माह) पुत्र रामकुमार घायल हो गए।
घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां पर डॉक्टर ने सात माह के सरैया व दीपक को मृत घोषित कर दिया। कार सवार नौरंगिया से दिल्ली जा रहे थे। घायलों का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। पुलिस ने शवों पोस्टमार्टम के लिए भेजा। ठठिया थाना प्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि घटना अरौल थाना क्षेत्र की सीमा में हुई है।
दूसरी घटना तिर्वा कोतवाली क्षेत्र में हुई। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में अयोध्या के थाना इनायतपुर गांव मिल्कीपुर निवासी भीमसेन (32), कंचन (25), कमलेश कुमारी (35), धर्मेंद्र (30) घायल हो गए। घायलों को मेडिकल काॅलेज में भर्ती कराया गया।