तेज गति से खेत की जुताई कर रहे ट्रैक्टर चालक ने
मेड़ के किनारे पर बैठे वृद्ध को कुचल दिया। इससे उनकी मौत हो गई। उधर,
शनिवार को बाइक से कन्नौज जा रहे युवक को वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी
मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के
गांव महोना निवासी नाथूराम कुशवाहा (55) गांव के बाहर प्राइमरी स्कूल के
पास स्थित कृष्णकांत मिश्रा के खेत की मेड़ किनारे सुबह नौ बजे बैठे थे।
यहीं पर एक ट्रैक्टर से खेत की जुताई हो रही थी। इसी दौरान ट्रैक्टर चालक
अपना संतुलन खो बैठा और इससे बेकाबू हुए ट्रैक्टर की चपेट में वृद्ध आ गया।
टायरों के नीचे आने से वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने घायल
अवस्था में उसे गुरसहायगंज के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर
होने पर उसे फर्रुखाबाद अस्पताल के लिए ले जा रहे थे। पर, रामाश्रम के
पास उसने दम तोड़ दिया। वृद्ध के पुत्र लंकुश ने मामले में चालक के खिलाफ
गुरसहायगंज कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
घटना की जानकारी पाकर
क्षेत्र के नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्य शैलेंद्र सिंह यादव, पूर्व
प्रधान अवधेश तिवारी, रामऔतार द्विवेदी, गिरीश चंद्र आदि लोग मौके पर
पहुंचे। वहीं इस मामले को लेकर कई घंटे तक बुजुर्ग ग्रामीण समझौता कराने का
प्रयास करते रहे, पर मामला नहीं सुलझा।
इस पर दरोगा कालीचरण ने शव को सीज
करके पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल में भेज दिया। उधर, शनिवार को
बाइक से कन्नौज जा रहे युवक को मिरगांवा के पास वाहन ने टक्कर मार दी,
जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, पर
उसकी मौत हो गई।
अखिलेश उर्फ जितेंद्र (20) पुत्र राजेंद्र सिंह चौहान
निवासी कैटहा थाना कमालगंज फर्रुखाबाद बाइक से कसबा मानीमऊ में जा रहे थे।
सुबह साढ़े 10 बजे के लगभग मिरगांवा के पास वाहन ने टक्कर मार दी। मौके पर
ग्रामीणों की भीड़ लग गई और पुलिस को जानकारी दी गई। इस बीच घायल को
गुरसहायगंज सीएचसी ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
उधर, हादसे के काफी देर तक जीटी रोड पर जाम की स्थिति बनी रही।