कन्नौज। सदर कोतवाली क्षेत्र के महमूदपुर पैठ गांव में चाय की दुकान पर कहासुनी के बाद बोलेरो चढ़ाकर छात्र की हत्या करने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने शनिवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में एक युवक की मौत हो गई थी जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मुख्य आरोपी अभी भी फरार है। उसकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगीं हुईं हैं।
पुलिस ने सदर कोतवाली के रामपुर निवासी आदित्य सिंह ने सदर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई है। बताया कि 24 सितंबर की रात नौ बजे उसे सूचना मिली कि उसके ताऊ के लड़के अरविंद को रामपुर गांव निवासी मटरू उर्फ श्याम सिंह ने मारपीट कर बंधक बना लिया है। सूचना पर आदित्य, पृथ्वी सिंह, नन्हूं सिंह, शिवा, भोलू उर्फ आशीष, अर्पित, उदय, बदन सिंह, संग्राम सिंह के साथ मौके पर पहुंचा। आरोप है कि वहां मौजूद लोग फरसा और कुल्हाड़ी लेकर मारपीट करने लगे। इसी दौरान विवाद और बढ़ गया।
आरोप है कि मटरू उर्फ श्याम सिंह ने अपने भतीजे अंकित को उकसाते हुए कहा कि इन सभी पर बोलेरो चढ़ा दो। तब अंकित ने जान से मारने की नीयत से भीड़ पर बोलेरो चढ़ा दी। बोलेरो की चपेट में आने से भोलू उर्फ आशीष की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पृथ्वी सिंह, शिवा, आदित्य, राकेश और जाफरीन गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने महमूदपुर पैठ निवासी मटरू उर्फ श्याम सिंह, अंकित, पंकज, पवन, आशीष व शुभम सिंह के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली है। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी शुभम सिंह और पवन को गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्य आरोपी मटरू उर्फ श्याम सिंह और अंकित समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।