कलश यात्रा में उमड़ा महिलाओं का जनसैलाब।
- फोटो : अमर उजाला
सिर पर रंग बिरंगा कलश, आम के हरे पत्तों के बीच रखा नारियल और लाल रंग की चुनरी में सजी सुहागिन महिलाएं मंगल गीत गाती हुई जब निकली तो नगर के मुख्य मार्ग पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। कलश यात्रा का नगर में कई जगह पुष्प वर्षाकर स्वागत भी किया गया। सौरिख रोड स्थित सिद्धपीठ कालिकादेवी मंदिर से शुक्रवार की सुबह पूजा-अर्चना के बाद महिलाओं को आयोजन समिति की ओर से कलश प्रदान किए गए।
मंदिर से शुरू भव्य कलश यात्रा में ध्वजवाहक के रूप में विनय त्रिपाठी के नेतृत्व में एक सी गणवेश में आरएस यादव इंटर कालेज के छात्र हाथ में धरम ध्वजा लेकर चल रहे थे। उनके पीछे श्रीगोविंद संत साहित्य प्रचार समिति के राजेश मिश्रा एडवोकेट व उनकी पत्नी स्नेहप्रभा सिर पर रामायण धारण कर चल रही थी।
नगर के मुख्य मार्ग से कलश यात्रा पीपल चौराहा व विशुनगढ़ रोड होते हुए आरएस यादव इंटर कालेज के पास श्री गोविंद गोपाल गौशाला स्थित कथा स्थल पर पहुंची। कलश यात्रा का नगर में कई स्थानों पर छतों से पुष्प वर्षा कर जोरदार स्वागत किया। उधर नगर में कई जगह पंडाल लगाकर लोगों ने कलश यात्रा में शामिल महिलाओं को पानी की व्यवस्था की। यात्रा में लगभग 575 महिलाएं कलश लेकर कतारबद्ध चल रही थी। जबकि इसके अलावा काफी संख्या में महिलाएं और बच्चे भी कलश यात्रा में शामिल थे।