क्षेत्र में प्रधानी पद के चुनाव का बिगुल बज चुका है। दावेदार अपने
समर्थकों को लुभाने के लिए तरह-तरह के दावे व आश्वासनों का झुनझुना देकर
वोटरों को लुभाने में लगे हैं।
वहीं कई दावेदार
अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए जीते जिला पंचायत सदस्य व क्षेत्र पंचायत
सदस्यों से भी संपर्क साधकर उनका आशीर्वाद मांग रहे हैं। उमर्दा व हसेरन
विकास खंड में प्रधानी पद का चुनाव चौथे चरण में होना है। इसके बावजूद भी
हर ग्रामसभा में प्रधानी पद के दावेदार वोट मांग रहे हैं।
उमर्दा विकास खंड
में 90 ग्राम पंचायतें हैं। पिछले पंचायती चुनाव के दौरान 78 ग्राम सभाएं
थीं। अबकी परसीमन के बाद 12 ग्राम सभाएं बढ़ी हैं। इसी तरह से इस विकास खंड
में ग्राम सभा सदस्य पद के लिए 1180 पदों पर चुनाव होना है। हसेरन विकास
खंड में पिछले पंचायती चुनाव के दौरान 35 ग्राम सभाएं थीं।
पर, अबकी
परसीमन के बाद एक ग्राम सभा और बढ़ा दी गई हैं। इस तरह से 36 ग्राम
पंचायतों में प्रधान पद पर चुनाव होना है। इस विकास खंड में 468 ग्राम सभा
सदस्य पद पर चुनाव होगा। चौथे चरण के लिए नामांकन 27 व 28 नवंबर को होगा।
नामांकन पत्रों की जांच 29 व 30 नवंबर की दोपहर तीन बजे तक होगी।
तीन बजे
के बाद चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा। एक दिसंबर को नामांकन पत्रों की
वापसी होगी। मतदान नौ दिसंबर को होगा। जिला प्रशासन ने चुनाव को शांति
पूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए उमर्दा ब्लाक को छह जोन व 31 सेक्टरों
में बांटा है। इसी तरह से हसेरन ब्लाक को तीन जोन व सोलह सेक्टरों में
बांटा गया है।