कन्नौज। मथुरा जिले के छाता कस्बे से पकड़े गए सुपारी लदे ट्रक को कब्जे में लेकर पुलिस ने शुक्रवार से कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में जीएसटी चोरी की बात सामने आ रही है। प्रकरण की रिपोर्ट सदर कोतवाली में दर्ज कर जांच की जा रही है।
सहायक आयुक्त राज्य कर सचल दल दीपा सागर ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 26 सितंबर को 500 बोरी सुपारी लदे ट्रक को मथुरा के छाता से पकड़कर उन्हें सौंपा गया है। दिल्ली से वाहन का बिल और बिल्टी दी गई, लेकिन ई-वे बिल नहीं दिया गया। वाहन को पकड़े जाने के बाद ई-वे बिल पोर्टल पर दर्ज किया गया। प्रपत्रों में माल के कर की दर पांच प्रतिशत घोषित की गई, जबकि रोस्टेड सुपारी की दर 18 प्रतिशत है। सत्यापन में लोड माल प्रपत्रों पर घोषित माल से भिन्न पाया गया। मामले में सप्लायर पश्चिमी दिल्ली राजीव नगर एक्सटेंशन के अजय ट्रेडर्स, महाराष्ट्र नागपुर के प्रज्ज्वल इंटरप्राइजेज व वाहन व चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है।