उमर्दा। ससुराल में कमरे में सोमवार की सुबह ट्रक चालक का शव फंदे से लटका मिला। भाई ने हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया। पुलिस ने मौके पर जांच पड़ताल कर परिजनों से पूछताछ की।
जनपद मैनपुरी थाना भोगांव अलीपुर खेड़ा निवासी पारस यादव (35) की थाना इंदरगढ़ के गांव सहियापुर निवासी सीमा से शादी हुई थी। पारस पांच वर्ष से ससुराल में ही रह रहा था। वह ट्रक चलाकर परिवार का भरण पोषण करता था। परिजनों ने बताया कि रविवार की रात पारस खाना खाने के बाद पत्नी सीमा व अन्य परिजनोें के साथ छत पर सोने चला गया। देर रात पत्नी सीमा से सर्दी लगने की बात कहकर नीचे कमरे में चला आया।
सोमवार की सुबह सीमा नीचे आई तो पति का शव फंदे से लटका देख चीख पड़ी। सूचना मिलने पर एसओ पारुल चौधरी मौके पर पहुंचीं। पत्नी पति के आत्महत्या करने का कारण नहीं बता सकी। सूचना पर मैनपुरी से आए भाई पुष्पेंद्र ने भाई की हत्या कर शव फंदे से लटकाने का आरोप लगाया। फाॅरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। एसओ ने बताया कि मृतक के भाई ने कोई तहरीर नहीं दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, ट्रक चालक पारस का सोमवार की दोपहर को डॉक्टर ने पोस्टमार्टम किया। सूत्रों के मुताबिक पारस की फंदा लगने से दम घुटने के कारण मौत की पुष्टि है। उसके शरीर पर कोई भी चोट का निशान नहीं पाया गया।