हसेरन (कन्नौज)। चौकी क्षेत्र के देहकापुरवा गांव में मंगलवार रात हाईस्कूल की छात्रा ने फंदा लगाकर जान दे दी। पिता ने निजी विद्यालय के शिक्षक को आत्महत्या के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए पुलिस से शिकायत की है।
ग्राम सभा वनगवां के मजरा देहकापुरवा निवासी दिनेश चंद्र की पुत्री नेहा (17) हसेरन के एक निजी स्कूल में हाईस्कूल की छात्रा थी। मंगलवार को दिनेश चंद्र अपने बेटे अभिषेक के साथ कहीं बाहर गए थे। रात में उनकी पत्नी रेखा देवी दूसरे कमरे में सो रही थी, जबकि नेहा अन्य भाई-बहनों के साथ कमरे में लेटी थी। रेखा देवी ने बताया कि रात तीन बजे उसके कमरे में टीवी चलने की आवाज सुनी, उन्होंने कमरे में जाकर देखा तो नेहा दुपट्टे से फंदे पर लटकी हुई थी। रेखा की सूचना पर दिनेश चंद्र घर पहुंचे तथा पुलिस को सूचना दी।
दिनेश चंद्र का आरोप है कि नेहा के विद्यालय का एक शिक्षक उसे फोन करता था, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान थी। एक-दो बार पत्नी ने फोन उठाया तो शिक्षक ने फोन काट दिया। इंदरगढ़ थाना प्रभारी किशनपाल ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।