आंधी और बारिश ने बुधवार को जिले में तबाही मचाई। कई पेड़ उखड़ कर गिर पड़े। इससे रास्ता बंद हो गए। तेज हवा से तार और पोल टूटकर गिर पड़े और दर्जनों गांवों की बिजली गुल हो गई। आधा दर्जन मवेशियों की मौत हो गई। चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। वहीं, बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
आंधी से कन्नौज के तिर्वा रोड पर कई दुकानों के बाहर लगे टीनशेड उखड़ गए। धूलभरी आंधी देख दुकानदारों ने शटर गिरा दिए। सड़क किनारे ठेलिया लगाए लोग सामान समेटने पर मजबूर हो गए।
तालग्राम : अमोलर के मुख्य बाजार में कई पेड़ धराशाई हो गए। जबकि दिनेश की किराना दुकान पर नीम का पेड़ गिर गया। क्षेत्र के ताहपुर, सलेमपुर, बम्हरौली, रनवां, बेहटा में तेज आंधी ने खूब कहर ढाया है। तेज आंधी से रोड पर जाम जैसी स्थिति बनी रही। वहीं, तालग्राम से आई बिजली लाइन से भोजापुर व पुखरावां के समीप पोल टूट जाने से क्षेत्र की बिजली गुल हो गई। वही बारिश से मक्का की फसलें भी गिर गई हैं।
गुगरापुर : जलालाबाद विकास खंड के मिरगावां के मजरा चित्तरपुरवा में प्रेम सिंह की भैंस गांव के बाहर बाग में बंधी थी। आंधी से आम का पेड़ टूट कर गिरने से भैंस की मौत हो गई। गुगरापुर विकास खंड के गांव चियासर के मजरा गुरगुरपुर निवासी ब्रजरानी (40) पत्नी नरेश गांव के बाहर मक्के की फसल रखवाली कर रहीं थी। आंधी आने से आम का पेड़ गिर पड़ा। दब जाने से घायल हो गईं।
मलिक पुर : तालग्राम विकास खंड क्षेत्र में आंधी व पानी से दर्जनों पोल उखड़ गए। इससे बिजली आपूर्ति ठप हो गई। घरों पर रखे टीनशेड उड़कर दूर जा गिरे। पेड़ों की टहनियां टूटकर बिखर गईं। मलिकपुर क्रासिंग-गुरसहायगंज कमालगंज मार्ग पर नीम का पेड़ फट गया। इससे यातायात बाधित रहा।
चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डा. अनिरुद्ध दुबे ने बताया कि आज एक घंटे तक तेज हवा व हल्की बारिश हुई है। हवाओं की रफ्तार कन्नौज क्षेत्र में 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा के बीच रही है। बारिश से किसी प्रकार का कोई नुकसान नहीं होगा। लेकिन हवाओं से फसलों व अन्य नुकसान की आशंका है। जायद के लिए यह बारिश फायदेमंद है।